बिजली कटौती से परेशान पन्नी मोहल्ला के लोगों ने विद्युत कार्यालय का किया घेराव
आंदोलन तेज ने करने की दी चेतावनी

जबलपुर,यशभारत। वार्ड क्रमांक 75 बिरसा मुंडा वार्ड, महाराजपुर स्थित पन्नी मोहल्ला में बिजली व्यवस्था ठप होने से रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि वे पिछले करीब 25 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से विद्युत विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन काट दिए जाने से अंधेरे की स्थिति बनी हुई है।
बिजली नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है, क्योंकि इन दिनों परीक्षाओं का समय चल रहा है और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही गर्मी और दैनिक कामकाज में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या से नाराज रहवासियों ने एकत्र होकर संजय नगर विद्युत कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







