वीआईपी रोड बना मौत का ट्रैक, चलती कारों से रईसजादों का जानलेवा स्टंट

वीआईपी रोड बना मौत का ट्रैक, चलती कारों से रईसजादों का जानलेवा स्टंट
भोपाल, यशभारत। राजधानी की सबसे खूबसूरत और व्यस्त सड़कों में शुमार वीआईपी रोड अब हुड़दंगियों और रईसजादों का अड्डा बनती जा रही है। बीती रात यहां रसूखदार परिवारों के युवकों ने न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान भी जोखिम में डाल दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस के खौफ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क के बीचों-बीच रोका ट्रैफिक, मचाई धमाचौकड़ी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक लग्जरी कारों में सवार युवक वीआईपी रोड और एयरपोर्ट रोड पर किस कदर उत्पात मचा रहे हैं। इन युवकों ने सड़क के बीचों-बीच अपनी गाड़ियां रोककर घंटों तक हंगामा किया। युवक चलती हुई कारों की खिड़कियों और छतों से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट करते नजर आए। इतना ही नहीं, ये कारें सड़क पर एक-दूसरे से रेस लगा रही थीं और तेज रफ्तार में ‘जिग-जैग’ तरीके से लहरें बना रही थीं, जिससे वहां से गुजर रहे अन्य राहगीर सहम गए।
कानून का डर नहीं, रसूख का नशा!
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे हुड़दंग के दौरान इन युवकों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं दिखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी रोड पर रात के समय यह नजारा आम होता जा रहा है। रईसजादे अपनी महंगी गाड़ियों के साथ यहां पहुंचते हैं और तेज म्यूजिक के साथ स्टंटबाजी शुरू कर देते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद, पुलिस की गश्त के जाते ही ये हुड़दंगी फिर से लौट आते हैं।
इनका कहना है
वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। नंबर प्लेट के आधार पर वाहनों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात, जितेन्द्र सिंह पंवार







