परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को शिक्षकों ने लगाया तिलक

परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को शिक्षकों ने लगाया तिलक
– 12वीं की परीक्षा का शंखनाद, 7 लाख छात्र दे रहे पहला पर्चा
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं आज से प्रदेशभर में शुरू हो गई हैं। पहले दिन प्रदेश के 3856 केंद्रों पर करीब 7 लाख परीक्षार्थी अंग्रेजी का पर्चा लिख रहे हैं। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन इस बार फुल अलर्ट मोड पर है, ताकि नकल की गुंजाइश शून्य रहे।
नकल रोकने के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा बोर्ड परीक्षाओं में शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा घेरे तैयार किए गए हैं। हर जिले में कलेक्टर के निर्देशन में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड (उडऩदस्ते) तैनात किए गए हैं, जो केंद्रों पर अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं।
भोपाल से सीधी नजर प्रदेश के कई संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों का सीधा एक्सेस भोपाल स्थित बोर्ड मुख्यालय के कंट्रोल रूम को दिया गया है, जहां से अधिकारी हर हलचल पर लाइव नजर रख रहे हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए थानों से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र ले जाने के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
देर से आने वालों को निराशा बोर्ड ने इस बार समय पालन को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। सुबह 9 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए 8.30 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया। राजधानी भोपाल के 104 केंद्रों पर भी सुबह से ही सघन तलाशी के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। कई केंद्रों पर देर से पहुंचे छात्रों को नियमों का हवाला देकर वापस लौटा दिया गया।







