वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के आरोप, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पहुँचा टीटी नगर थाने

वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के आरोप, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पहुँचा टीटी नगर थाने
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम काटे जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल टीटी नगर थाने पहुँचा और फॉर्म 7 के कथित दुरुपयोग को लेकर एफआईआर दर्ज करने हेतु आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे। कांग्रेस नेताओं ने टीटी नगर एसीपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अल्पसंख्यक, दलित और आदिवासी समुदाय के मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम हटवाने की कोशिश की गई है। पार्टी कार्यकर्ता उन लोगों को भी साथ लेकर थाने पहुँचे, जिनके नाम कथित रूप से सूची से हटा दिए गए हैं। इनमें कबीर और साहिल नाम के मतदाता भी शामिल थे। कबीर ने आरोप लगाया कि वह वर्ष 1984 से उसी क्षेत्र में रह रहे हैं और उन्होंने एसआईआर संक्षिप्त पुनरीक्षण का फॉर्म भी भरा था, इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की बीएलओ बूथ लेवल ऑफिसर उनके पड़ोस में ही रहती हैं, फिर भी उनका नाम काट दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







