राजधानी में तीन युवतियों को चाकू मारने वाले नकाबपोश बदमाश पर 20 हजार का इनाम घोषित

राजधानी में तीन युवतियों को चाकू मारने वाले नकाबपोश बदमाश पर 20 हजार का इनाम घोषित
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक नकाबपोश साइको स्टैबर ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए तीन युवतियों पर चाकू से हमला कर दिया। पिपलानी और अयोध्या नगर इलाके में हुई इन वारदातों से शहर भर की महिलाओं में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की है और आरोपी पर 20 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है।
एक ही पैटर्न पर तीन हमले
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाइक सवार बदमाश ने तीनों युवतियों के हिप्स पर पीछे से चाकू से वार किया। हमलावर का व्यवहार बेहद असामान्य बताया जा रहा है; वह चाकू मारने के बाद युवतियों को अपने पास बुलाने का इशारा भी करता था। एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि तीनों वारदातों का क्राइम पैटर्न एक जैसा है, जिससे यह साफ है कि हमलावर एक ही व्यक्ति है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है।
CCTV में कैद हुआ हमलावर
पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसमें आरोपी बिना नंबर की बाइक पर नकाब बांधे नजर आ रहा है। उसकी उम्र 35 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत नकाब और बिना नंबर वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया है। घटना की शिकार तीनों युवतियां 19 से 21 वर्ष की हैं, जिन्होंने बताया कि वे आरोपी को पहले से नहीं जानती थीं।
क्राइम ब्रांच और साइबर सेल सक्रिय
वारदात के बाद पिपलानी पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साइबर और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी के रूट को ट्रेस करने के लिए चप्पे-चप्पे के सीसीटीवी खंगाल रही हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत सूचना दें।
इनका कहना है..
आरोपी का व्यवहार साइको जैसा है। उसने बिना नंबर की बाइक और नकाब का इस्तेमाल कर पुलिस से बचने की कोशिश की है, लेकिन हमारी टीमें उसे ट्रैक कर रही हैं। जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
गौतम सोलंकी, एडिशनल डीसीपी







