भोपालमध्य प्रदेश

RGPV हॉस्टल में बीटेक छात्रा ने दी जान, वार्डन पर प्रताड़ना का आरोप

RGPV हॉस्टल में बीटेक छात्रा ने दी जान, वार्डन पर प्रताड़ना का आरोप

भोपाल यशभारत। राजधानी के गांधी नगर स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार को बीटेक प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान धार निवासी 19 वर्षीय सव्याश्री मुनागला के रूप में हुई है। घटना के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया है। सहपाठियों ने हॉस्टल वार्डन पर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार, सव्याश्री कंप्यूटर साइंस एंड बिजनेस सिस्टम (CSBS) की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार रात डिनर के बाद वह अपने कमरे में गई थी, जिसके बाद वह गुरुवार दोपहर तक बाहर नहीं निकली। संदेह होने पर साथी छात्राओं ने वार्डन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो छात्रा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। सव्याश्री की रूममेट 10 जनवरी से छुट्टी पर थी, जिसके कारण वह कमरे में अकेली थी।

छात्रों का आरोप: सहपाठी समीर शुक्ला का दावा है कि वार्डन ने सव्याश्री को किसी युवक से बात करते देख लिया था, जिसके बाद उसे सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई गई और उसके घर पर भी शिकायत की गई। इसी तनाव के चलते छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एफएसएल (FSL) की टीम ने कमरे की सघन तलाशी ली है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है ताकि कॉल रिकॉर्ड और चैट के जरिए आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है, उनके भोपाल पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

टीआई विजेंद्र मर्सकोले का कहना है कि परिजनों और सहपाठियों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पीएम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button