भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल: RKDF यूनिवर्सिटी के ठिकानों पर राजस्थान STF का छापा, संचालक के घर भी पहुंची टीम

भोपाल: RKDF यूनिवर्सिटी के ठिकानों पर राजस्थान STF का छापा, संचालक के घर भी पहुंची टीम

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल स्थित आरकेडीएफ (RKDF) यूनिवर्सिटी पर बुधवार को राजस्थान पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की। एसटीएफ की तीन अलग-अलग टीमों ने यूनिवर्सिटी के गांधी नगर और नर्मदापुरम रोड स्थित परिसरों के साथ-साथ संस्थान के संचालक सुनील कपूर के 10 नंबर स्थित निजी आवास पर भी सर्चिंग शुरू की है।

दस्तावेजों की पड़ताल, कैंपस में आवाजाही पर रोक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान एसटीएफ की यह कार्रवाई मार्कशीट में धांधली और फर्जीवाड़े से जुड़े एक पुराने मामले को लेकर है। कार्रवाई के दौरान नर्मदापुरम रोड स्थित ब्रांच के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया और अंदर मौजूद स्टाफ के बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। एसटीएफ की टीम फिलहाल महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को खंगाल रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी कार्रवाई की भनक स्थानीय पुलिस को भी नहीं लगने दी गई।

मार्कशीट गड़बड़ी के तार राजस्थान से जुड़े
बताया जा रहा है कि राजस्थान में किसी आपराधिक मामले की जांच के दौरान एक संदिग्ध मार्कशीट बरामद हुई थी, जिसे RKDF यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किया जाना बताया गया था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए एसटीएफ ने भोपाल में दबिश दी है ताकि फर्जी डिग्री या मार्कशीट जारी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

पुराने विवादों से रहा है नाता
यह पहली बार नहीं है जब RKDF यूनिवर्सिटी और इसके संचालक सुनील कपूर जांच एजेंसियों के रडार पर आए हों। इससे पहले तेलंगाना पुलिस ने भी फर्जी डिग्री जारी करने के आरोप में सुनील कपूर के खिलाफ FIR दर्ज की थी और उन्हें हिरासत में लिया था। साल 2015 में मध्य प्रदेश के आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने भी जुर्माने में रियायत देने के एक मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था, हालांकि बाद में उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी।
फिलहाल, राजस्थान एसटीएफ की जांच जारी है और यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button