चाइनीज मांझा बेचने वाले पर पुलिस की कार्रवाई, घातक मांझा बेचते पकड़ा गया आरोपी, मामला दर्ज

जबलपुर। लार्डगंज थानान्तर्गत चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने चाइनीज मांझा बेचते हुए एक आरोपी को पकड़कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उजारपुरवा क्षेत्र की गली नंबर–4 में अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेचने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके से सुनील साहू (39 वर्ष) को चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा गया। चाइनीज मांझा मानव जीवन एवं पशु-पक्षियों के लिए अत्यंत घातक होने के साथ-साथ कानूनन प्रतिबंधित है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं 223 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की विवेचना की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चाइनीज मांझा न खरीदें, न बेचें और न ही इसका उपयोग करें। यदि कहीं अवैध रूप से चाइनीज मांझा बिकने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जन-जीवन को सुरक्षित रखा जा सके।







