हत्या के प्रयास के मामले में तीन सगे भाई चंद घंटों में गिरफ्तार, बच्चों के क्रिकेट विवाद ने लिया हिंसक रूप, चायना चाकू से हमला

जबलपुर। थाना ओमती क्षेत्र में हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बच्चों के क्रिकेट खेलने के मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया था।
घटना 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे भरतीपुर क्षेत्र की है।
पीड़ित अनमोल सोनकर उर्फ शिबू (22) निवासी भरतीपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले में बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में आर्यन सोनकर, साजन उर्फ गौरव सोनकर और आकाश उर्फ बिल्लू सोनकर ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान आर्यन सोनकर ने जान से मारने की नीयत से चायना चाकू से उसके सिर और पीठ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बीच-बचाव में आई मां और बड़ी मां पर भी हमला
पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां दीपु सोनकर और बड़ी मां बरखा सोनकर मौके पर पहुंचीं, जिनके साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। जाते-जाते आरोपियों ने थाने में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती के निर्देशन में थाना ओमती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। घटनास्थल के आसपास के तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
आकाश उर्फ बिल्लू सोनकर (32)
साजन उर्फ गौरव सोनकर (31)
आर्यन सोनकर (29)
तीनों निवासी भरतीपुर, थाना ओमती, जबलपुर हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह बघेल, उप निरीक्षक रजनीश मिश्रा, उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र दाहिया, प्रधान आरक्षक रामसिंह परते, प्रधान आरक्षक देवेंद्र उपाध्याय, प्रधान आरक्षक महेन्द्र शुक्ला एवं आरक्षक राजवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








