खाकी फिर शर्मसार: भोपाल के नेहरू नगर में नशे में धुत पुलिसकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा

खाकी फिर शर्मसार: भोपाल के नेहरू नगर में नशे में धुत पुलिसकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा
बीच सड़क पर कार अड़ाकर राहगीरों से की बदतमीजी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक नेहरू नगर चौराहे पर बीते दिन एक पुलिसकर्मी की शर्मनाक करतूत सामने आई। अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस का एक जवान नशे में इस कदर धुत था कि उसने बीच सड़क पर अपनी कार अड़ा दी और घंटों हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ट्रैफिक जाम कर राहगीरों को धमकाया
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी अपनी निजी कार को चौराहे के बीचों-बीच खड़ी कर बाहर निकल आया। नशे की हालत में उसने न केवल वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों का रास्ता रोका, बल्कि विरोध करने पर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश भी की। इस हंगामे के कारण चौराहे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
राहगीरों ने जब पुलिसकर्मी को इस हालत में देखा, तो उन्होंने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिसकर्मी अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा है, फिर भी वह रौब झाड़ने की कोशिश कर रहा है। इंटरनेट पर वीडियो फैलते ही लोगों ने भोपाल पुलिस को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है।
इनका कहना है…
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कमला नगर थाना प्रभारी- निरुपा पांडे






