बरही/कटनी, यशभारत। शुक्रवार की अलसुबह बरही नगर के डोली मार्ग में संचालित रोशन मोबाइल दुकान में भडक़ी आग से पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। आग की लपटें इतनी भयावह थी कि पूरी बिल्डिंग आग की आगोश में आ गई। इस घटना से समूचे बरही नगर में हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई। खबर मिलते ही नगर परिषद बरही का दमकल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास में जुट गया। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी मुताबिक बरही निवासी 35 वर्षीय रोशन पिता स्वर्गीय अशोक गुप्ता की मोबाइल शॉप अग्रसेन प्लाजा में संचालित थी, जिसमे शुक्रवार की अलसुबह अचानक आग भडक़ी। नींद के आगोश से जागे लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं उठता देखा तो वे दंग रह गए। आनन-फानन में दमकल दस्ते को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते ने 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक दुकान के अंदर रखी पूरी सामग्री मोबाइल, मोबाइल पाट्र्स, एसेसरीज जलकर राख में तब्दील हो चुकी थी। इस आग से दुकानदार और भवन मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
शॉर्ट-सर्किट की संभावना
आग कैसे लगी इस बात की पुष्टि फिलहाल नही हो पाई है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभवना व्यक्त की जा रही है। पीडि़त दुकान संचालक बरही निवासी रोशन गुप्ता पिछले 5 साल से मोबाइल दुकान का संचालक कर रहा था, जिसने पूरी मेहनत और लगन से अपने व्यापार को बढ़ाया था, जिसकी पूरी पूंजी जलकर राख में तब्दील हो गई, जिसके सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया। आग शार्ट सर्किट से लगी या फिर कोई और वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।