जबलपुरमध्य प्रदेश

पनागर में भूरा ज्वैलर्स के संचालक से लूट करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

एक प्रयागराज तो दूसरा नागपुर से गिरफ्तार अन्य की तलाश जारी

जबलपुर यशभारत। पनागर थाना क्षेत्र में भूरा ज्वैलर्स के संचालक के साथ हुई लूट की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लूटकांड में शामिल छह आरोपियों में से दो को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नागपुर (महाराष्ट्र) जबकि दूसरा प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से दबोचा गया है। शेष चार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि 16 दिसम्बर पनागर स्थित भूरा ज्वैलर्स के संचालक सुनील सोनी भूरा सोनी के साथ सुनियोजित तरीके से लूट की गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीमों ने नागपुर और प्रयागराज में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस के अनुसार 16 दिसंबर को सराफा व्यापारी सुनील उर्फ भूरा सोनी और उनके पुत्र कान्हा सोनी से छह बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लूट की थी। घटना के बाद एसआईटी गठित कर दीपक त्रिपाठी (प्रयागराज) और गोविन्द पाण्डे उर्फ कान्हा (नागपुर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने जेवर जंगल में छिपाने की बात कबूल की, जहां से पुलिस ने आभूषण बरामद किए। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रकरण का मुख्य आरोपी वीरेंद्र यादव घटना के बाद प्रतापगढ़ (उ.प्र.) के एक अन्य मामले में जेल में बंद है, जिसे प्रोटेक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया जारी है। वहीं रवि पासी, सत्यम तिवारी और रंजीत यादव की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी खूंखार और शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र में लूट व डकैती जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक 16 दिसम्बर को रोजाना की तरह भूरा ज्वेलर्स संचालक सुनील सोनी और उनका पुत्र संभव सोनी मेन रोड के समीप दुकान में बैठे थे। बेटा संभव सोनी सोने और चांदी के आभूषण के 3 बैग लेकर दुकान से घर जा रहे थे इसी बीच नकाबपोश रास्ते में दाखिल हुए और कट्टा दिखाकर बैग छीनने का प्रयास किया। जब दुकान संचालक सुनील सोनी ने विरोध किया तो एक नकाबपोश ने गोली चला दी, जो कि संचालक की कमर मे लगी और वह गिर पड़े। संभव के चिल्लाने पर एक अन्य नकाबपोश ने उसके हाथ पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। लहूलुहान संभव के सामने ही दोनो नकाबपोश तीनों बैग लेकर फरार हो गए थे। जानकारी के मुताबिक इस लूट में 1 किलो के लगभग सोना 10 किलो चांदी एवं₹200000 की अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की गई थी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button