चलती ओमनी वैन में लगी आग, 10–12 सवारियां बाल-बाल बचीं
शादी के लिए लडकी देखने जा रहा था परिवार

जबलपुर,यशभारत। गौर समाधि रोड स्थित पोस्ट ऑफिस के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब बिलहरी से समाधि रोड की ओर सवारियां ले जा रही एक ओमनी वैन में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं और आग की लपटें उठते देख सवारियों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन में 10 से 12 सवारियां मौजूद थीं। समय रहते सभी लोग वाहन से बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक, बिलहरी निवासी एक परिवार शादी के लिए लड़की देखने के लिए ग्राम बारहा जा रहा था। इसके लिए गोरा बाजार निवासी वैन चालक विकास कुमार की ओमनी वाहन बुक की गई थी। रास्ते में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से वैन में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि आग लगते ही चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।







