नए साल से पहले आबकारी की कार्यवाही, पॉश कॉलोनी में पकड़ी गई महंगी विदेशी शराब की खेप
ऊंचे दामों पर खपाने की पूरी तैयारी

जबलपुर, यशभारत। नए साल के जश्न से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों पर करारा प्रहार किया है। शहर की पॉश कॉलोनी में की गई इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब महंगी विदेशी शराब की ब्लैक मार्केटिंग भी प्रशासन की रडार से बाहर नहीं है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने शक्ति नगर सैनिक सोसायटी क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक किराए के मकान में नए साल के लिए खपाने की तैयारी में रखा गया विदेशी शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया था। यह शराब सामान्य नहीं बल्कि महंगे ब्रांड की विदेशी शराब बताई जा रही है, जिसकी कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान मकान ताला बंद मिला। नियमानुसार ताला तुड़वाकर जब तलाशी ली गई तो अंदर से 36 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। बताया जा रहा है कि संबंधित मकान को बार-बार बेचा गया है और वर्तमान में इसे किराए पर लेकर अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था। शराब को नए साल की मांग को देखते हुए ऊंचे दामों पर खपाने की पूरी तैयारी थी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी गोरखपुर थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग ने इसी तरह की कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की थी। लगातार दूसरे दिन हुई इन कार्रवाइयों से साफ है कि नए साल से पहले अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया गया है।
पॉश कॉलोनियों में महंगी शराब की तस्करी का यह नया मामला सामने आने के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ठिकानों पर सख्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।






