मटकुली-पिपरिया मार्ग पर भीषण हादसा, बोलेरो पलटने से 5 की मौत

मटकुली-पिपरिया मार्ग पर भीषण हादसा, बोलेरो पलटने से 5 की मौत
– पति-पत्नी और 8 वर्षीय मासूम समेत पांच लोगों ने गंवाई जान, दो गंभीर घायल
नर्मदापुरम, यश भारत । जिले के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तामिया से नर्मदापुरम (होशंगाबाद) की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तीन बार पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, पुत्र अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) तथा झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।







