शातिर वाहन चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, आधा दर्जन चोरी की बाइक बरामद

शातिर वाहन चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, आधा दर्जन चोरी की बाइक बरामद
भोपाल, यश भारत। राजधानी के थाना स्टेशन बजरिया पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में खड़े एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर भोपाल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई आधा दर्जन दो-पहिया वाहन जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को फरियादी जयपाल सिंह ने स्टेशन रोड बजरिया स्थित अपने घर के बाहर से हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया और पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
30 सितंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा संदेही युवक ऐशबाग क्षेत्र में डॉन बॉस्को स्कूल के पीछे चोरी की गाड़ी बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक अहिरवार उर्फ प्रिंस (19 वर्ष), निवासी जगन्नाथ कॉलोनी (ऐशबाग) को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी फैजान खान (निवासी अशोका गार्डन) के साथ मिलकर थाना स्टेशन बजरिया, ऐशबाग और अशोका गार्डन क्षेत्रों से 6 दो-पहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर सभी वाहन जप्त कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं उसके साथी की तलाश जारी है।






