“लव जिहाद और धर्मांतरण पर जीरो टॉलरेंस, कांग्रेस पर भरोसे का संकट”
जबलपुर में मंत्री विश्वास सारंग का कांग्रेस पर तीखा हमला

जबलपुर,यश भारत। मध्य प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को जबलपुर प्रवास के दौरान मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में कई अहम मुद्दों पर प्रदेश सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में किसी भी स्तर पर बहला-फुसलाकर, डराकर या प्रेम जाल में फंसा कर धर्मांतरण कराने या लव जिहाद जैसी गतिविधियों को कतई सहन नहीं किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए सख्त कानून बनाया है और जो भी अलग-अलग तरीकों से धर्मांतरण जैसे दुष्कर्म करेगा, उसे कानून के तहत कठोर सजा दी जाएगी। ऐसे कृत्यों को प्रदेश में किसी भी हालत में अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंत्री सारंग ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर प्रश्नचिह्न खड़ा करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन और जनाधार खो चुकी है, इसी कारण वह लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के बयान देती है।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार विदेश दौरों के दौरान देश की संवैधानिक व्यवस्था, लोकतंत्र और संस्थाओं के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं। यह देश के मनोबल और सम्मान पर कुठाराघात है। मंत्री सारंग ने कहा कि राहुल गांधी की गतिविधियां विदेशी षड्यंत्र और साजिश का हिस्सा प्रतीत होती हैं, जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश और देश की जनता ऐसे बयानों को समझती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पूरा भरोसा रखती है।







