किसी के साथ साझा नहीं करें ओटीपी, क्यूआर कोड को नहीं करें स्कैन, सीएसपी ने स्कूल के बच्चों को सायबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

कटनी, यशभारत। लगातार बढ़ते सायबर अपराधों को लेकर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले की शासकीय और अशासकीय स्कूलों में जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया ने नेचर पब्लिक स्कूल में जाकर बच्चों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होनें कहा कि पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के प्रति सचेत रहने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप, एसएमएस या ईमेल के माध्यम से प्राप्त होने वाले किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। किसी भी व्यक्ति या संस्था बैंक, आरबीआई अधिकारी होने का दावा करने वाले के साथ ओटीपी पिन, सीवीवी नंबर या बैंक विवरण साझा न करें। अज्ञात क्यूआर कोड को स्कैन करने या अप्रत्याशित यूपीआई भुगतान अनुरोधों को स्वीकार करने से बचें। अपने सभी महत्वपूर्ण खातों के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें और अपने मोबाइल फोन व एप्लिकेशन को अपडेट रखें। त्यौहारों के मौसम में मिलने वाले आकर्षक उपहारों, लॉटरी या डिस्काउंट के फर्जी ऑफर्स से सावधान रहें और केवल आधिकारिक वेबसाइटों या विश्वसनीय प्लेटफार्म के माध्यम से ही बुकिंग या खरीदारी करें। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट नामक नए स्कैम के बारे में भी चेतावनी दी हैए जिसमें अपराधी पीडि़त को धमकाकर पैसे ऐंठते हैं। सीएसपी ने बताया कि यदि आप किसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। जांच में मदद के लिए स्क्रीनशॉट लेनदेन विवरण और फोन नंबर जैसे साक्ष्य सुरक्षित रखें। जितनी जल्दी हो सके रिपोर्ट करने से धन की वसूली की संभावना बढ़ जाती है। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।







