टोल नाके पर जाम से मिलेगा छुटकारा, जल्द लागू होगा इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन

कटनी, यशभारत। अब टोल टैक्स पर जाम से छुटकारा मिल जाएगा। सूत्र बताते हैं कि जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस सिस्टम के लागू हो जाने के बाद टोल बूथ पर पैसे के भुगतान के लिए किसी वाहन को कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। फिलहाल यह प्रणाली 10 स्थानों पर शुरू की गई है और अगले एक साल के भीतर इसका विस्तार कर दिया जाएगा। बता दें, इसी साल अक्टूबर में केंद्र सरकार ने बिना फास्टैग वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत दी थी।
इस राहत के तहत कहा गया था कि अगर किसी वाहन में फास्ट टैग नहीं है या फिर वह काम नहीं कर रहा है, तो टोल प्लाजा पर नकद में दोगुना टैक्स देने के बजाय यूपीआई से भुगतान करने पर केवल 1.25 गुना ही टोल टैक्स देना होगा।
एनईटीसी कार्यक्रम विकसित किया
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया था। यह नई व्यवस्था 15 नवंबर से देशभर के टोल प्लाजा पर लागू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के आने से मौजूदा टोल व्यवस्था खत्म हो जाएगी। टोल के नाम पर रोकने वाला कोई नहीं होगा। दरअसल, हाल में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार नेशनल पेमेंट्स कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने भारत के राजमार्गों पर टोल संग्रह को सुव्यवस्थित करने राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (एनईटीसी) कार्यक्रम विकसित किया है, जो इलेक्ट्रॉनिक टोल भुगतान के लिए एक एकीकृत इंटर आपरेबल प्लेटफार्म है।








