भोपालमध्य प्रदेश

विवाह समारोह में खूनी झड़प: पान गुमटी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल

विवाह समारोह में खूनी झड़प: पान गुमटी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल

पत्थरबाजी का वीडियो वायरल

 भोपाल यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना इलाके में सोमवार देर रात बाग-ओ-बहार मैरिज गार्डन में एक विवाह समारोह उस वक्त अफरा-तफरी के माहौल में बदल गया जब बाहर एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। 10 से 12 युवकों ने मैरिज गार्डन में घुसकर जमकर पत्थरबाजी की और शादी में आए मेहमानों पर बर्तन व अन्य सामान से हमला करने की कोशिश की।

इस दौरान, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत मैरिज गार्डन के बाहर एक पान की गुमटी पर हुई। बारात में आए कुछ युवक बिना पैसे दिए सामान लेकर चले गए, जिस पर गुमटी संचालक से उनकी बहस हो गई। मामला बढ़ने पर गुमटी संचालक ने अपने परिजनों को बुला लिया। वहीं, शादी में आए लोगों का कहना है कि विवाद गुमटी वाले और किसी बाहरी युवक का था, जो गार्डन में घुस गया, जिसके बाद गुमटी वाले ने अपने परिजनों के साथ मिलकर समारोह में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।

झारे से हमला, दो युवक जख्मी:

हमले के दौरान बुधवारा निवासी शहजादे के सिर पर खाना बनाने वाले झारे से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। एक अन्य युवक भी इस मारपीट में जख्मी हुआ है। दोनों घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।

वीडियो में साफ दिखी पत्थरबाजी और भगदड़:

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक मैरिज गार्डन के बाहर और अंदर पत्थर फेंकते और गाली-गलौज करते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मेहमानों में भगदड़ मचती और जान बचाकर इधर-उधर भागते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस बोली- फुटेज खंगाल रहे हैं:

थाना प्रभारी के. शुक्ला ने बताया, “दो युवकों को चोटें आई हैं। किसी महिला को चोट नहीं है। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।” पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद देर रात तक समारोह स्थल के आसपास तनाव की स्थिति बनी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button