खाली प्लॉट पर गाड़ी रखने के विवाद में पिता-पुत्री पर चाकू से हमला, बुजुर्ग की हालत गंभीर

जबलपुर यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती कॉलोनी में खाली प्लॉट पर गाड़ी खड़ी करने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने विवाद के बाद पिता और पुत्री पर चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना आज दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रोज की तरह गाड़ी अलग हटाने को लेकर बुजुर्ग खाली प्लॉट पर बात करने गए थे। इसी दौरान, शुभम पटेल नामक युवक बुलेट मोटरसाइकिल से मौके पर पहुँचा।
बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम पटेल ने आवेश में आकर बुजुर्ग के पेट में चाकू से वार कर दिया। जब उनकी पुत्री उन्हें बचाने आई, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बुजुर्ग की पुत्री की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी शुभम पटेल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है ।







