तीसरी मंजिल से गिरीं नायब तहसीलदार ,रहस्यमयी हालात में मौत
पुलिस ने पूरा राजस्व परिसर सील किया

तीसरी मंजिल से गिरीं नायब तहसीलदार ,रहस्यमयी हालात में मौत
पुलिस ने पूरा राजस्व परिसर सील किया
विदिशा , यश भारत /विदिशा के सांची रोड स्थित राजस्व परिसर में मंगलवार को नायब तहसीलदार कविता की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे राजस्व परिसर को सील कर दिया है और मामले की जांच आत्महत्या तथा दुर्घटना—दोनों एंगल से की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कविता अपने सरकारी आवास की तीसरी मंजिल की छत पर थीं, तभी अचानक वे नीचे गिर गईं। उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत जैन ने बताया कि कविता को कई गंभीर चोटें लगी थीं और उनकी मौत मौके पर ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने छत, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में मिले संभावित सबूतों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच ही यह स्पष्ट करेगी कि यह मामला आत्महत्या का है या हादसे का। कविता के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे।
कविता सांची रोड स्थित राजस्व परिसर के सरकारी फ्लैट में रहती थीं। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक और स्तब्धता का माहौल है।






