भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन की उलटी गिनती शुरू

भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन की उलटी गिनती शुरू
– सीएमआरएस की रिपोर्ट इसी हफ्ते आने की संभावना
यशभारत भेपाल। भोपाल में मेट्रो के बहुप्रतीक्षित कमर्शियल रन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम द्वारा निरीक्षण पूरा करने के बाद अब उनकी रिपोर्ट का इंतजार है, जो इसी सप्ताह मेट्रो कॉरपोरेशन को सौंपे जाने की संभावना है। रिपोर्ट ओके मिलते ही प्रदेश सरकार इसे आगे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजेगी और उसके बाद कमर्शियल रन की तारीख तय कर दी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल भोपाल मेट्रो का लोकार्पण करेंगे, बल्कि इसके पहले यात्री भी बन सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 31 मई को उन्होंने इंदौर मेट्रो का वर्चुअली लोकार्पण किया था।
सीएमआरएस की टीम 12 नवंबर को भोपाल पहुंची थी। इसके बाद 13, 14 और 15 नवंबर को टीम ने मेट्रो परियोजना के प्रत्येक तकनीकी और सुरक्षा पहलू का विस्तृत निरीक्षण किया। कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता के नेतृत्व में टीम ने डिपो, कोच, ट्रैक, ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों तक का बारीकी से परीक्षण किया। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, टीम ने नट-बोल्ट तक की जाँच कर सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद टीम वापस लौट गई है और अब उनकी विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मेट्रो कॉरपोरेशन के अफसरों का कहना है कि कमर्शियल रन के लिए आवश्यक सभी तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सीएमआरएस के पैमानों के अनुरूप परीक्षण सफल रहे हैं। हालांकि कुछ स्टेशनों पर मामूली निर्माण कार्य अभी शेष है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इससे संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसी वजह से रिपोर्ट के अनुकूल रहने की उम्मीद मजबूत है।
रिपोर्ट मिलने के बाद की प्रक्रिया
सीएमआरएस की मंजूरी मिलते ही आगे की प्रक्रिया तेजी से शुरू होगी। सबसे पहले मेट्रो कॉरपोरेशन सीएमआरएस की रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपेगा। सरकार इस रिपोर्ट के आधार पर मेट्रो के व्यावसायिक संचालन के लिए अपनी तैयारी की आधिकारिक घोषणा करेगी। जैसे ही प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होगा, भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी। इस बीच शहर में ट्रायल रन नियमित तौर पर चल रहा है और मेट्रो रूट के आसपास अंतिम तैयारियां तेज हैं। मेट्रो के शुरू होने से राजधानी के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को गति मिलेगी और शहरवासियों को एक आधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन विकल्प मिलेगा। भोपाल मेट्रो के लिए यह सप्ताह बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सीएमआरएस की रिपोर्ट पर ही कमर्शियल रन का रास्ता तय होगा। शहर अब हरी झंडी की प्रतीक्षा में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button