पार्टनर ने की 4 करोड़ की धोखाधड़ी; 2 मशीनें 59 लाख में बेच दीं

पार्टनर ने की 4 करोड़ की धोखाधड़ी; 2 मशीनें 59 लाख में बेच दीं
धोखाधड़ी में महिला पार्टनर और उनके पति पर केस दर्ज; निजी खातों में ट्रांसफर किए गए पैसे
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लास्टिक फर्नीचर निर्माण फर्म में 4 करोड़ रुपये की बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्म की 50% हिस्सेदार सुहानी साधवानी ने अपने पति राहुल के साथ मिलकर, दूसरे पार्टनर विजय साधवानी की अनुपस्थिति और बिना अनुमति के, दो महत्वपूर्ण मशीनें और 11 मोल्ड मात्र 59 लाख रुपये में बेच दिए।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, विजय साधवानी और सुहानी साधवानी वर्ष 2015 से साझेदारी में फर्म चला रहे थे। व्यवसाय के प्रबंधन को लेकर यह तय था कि विजय बाहरी कामकाज संभालेंगे, जबकि सभी वित्तीय लेनदेन और फैक्ट्री प्रबंधन की जिम्मेदारी सुहानी और उनके पति राहुल की होगी।
विजय साधवानी जुलाई 2025 में विदेश यात्रा पर गए थे और बीमारी के कारण वापस लौटने के बाद कुछ समय तक फैक्ट्री नहीं जा सके। इसी दौरान, प्लांट मैनेजर ने उन्हें सूचित किया कि उनकी अनुपस्थिति में सुहानी और राहुल ने फैक्ट्री से कुर्सियां बनाने की दो बड़ी मशीनें और मोल्ड्स हटा दिए हैं। जांच करने पर पता चला कि इन मशीनों की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ थी, जिन्हें मात्र 59 लाख के मामूली दाम पर इंदौर स्थित बी एंड बी मल्टी प्लास्ट LLP को बेच दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस इंदौर की कंपनी में आरोपी सुहानी साधवानी के पति और ससुर भी हिस्सेदार हैं।
गोविंदपुरा पुलिस ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर महिला पार्टनर, उनके पति और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।






