पति बना दहेज लोभी, बाइक-जेवर न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित

पति बना दहेज लोभी, बाइक-जेवर न मिलने पर विवाहिता को किया प्रताड़ित
महिला थाना पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज किया केस
भोपाल, यशभारत। राजधानी में दहेज लोभियों के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। शादी के महज आठ महीने बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी से दहेज में बाइक और जेवर की मांग शुरू कर दी, मांग पूरी न होने पर उसने पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बागमुगलिया क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय शशि अहिरवार का विवाह आठ माह पूर्व रितेश अहिरवार से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही रितेश ने शशि पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। वह लगातार एक बाइक और अतिरिक्त जेवर की मांग करने लगा।जब विवाहिता शशि ने यह मांग पूरी नहीं की, तो पति रितेश ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर शशि अहिरवार ने हिम्मत दिखाई और महिला थाने में जाकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी पति रितेश अहिरवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







