गौशालाओं के पंजीयन के लिए चलाया जाएगा अभियान

गौशालाओं के पंजीयन के लिए चलाया जाएगा अभियान
– सीईओ ने फंदा व बैरसिया जनपद में की समीक्षा
भोपाल यशभारत। गौ संवर्धन बोर्ड में पंजीयन के लिए शेष रही गौशालाओं का पंजीयन कराया जाएगा। ऐसी गौशालाएं जहां बिजली पानी की व्यवस्था नहीं है वहां व्यवस्था मुहैया कराई जाएं। यह निर्देश जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने जनपद पंचायत फंदा एवं बैरसिया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए हैं। सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि एक बगिया मां के नाम अभियान के तहत समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं। फूलों की खेती करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने एवं 20-20 हितग्राहियों का चयन किया जाए।
पौधों की उपलब्धता के लिए उद्यानिकी विभाग से आवश्यक समन्वय स्थापित कर कार्य किए जाने के लिए सीईओ ने निर्देशित किया। मनरेगा योजना के तहत श्रमिक नियोजन एवं टाइमली पेमेंट की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीईओ ने सभी संबंधितों को प्राथमिकता से प्रगति लाने के लिए कहा। बैठक में सीईओ जनपद पंचायत शिवानी मिश्रा, देवेश सराठे, ईई आरईएस जितेंद्र अहिरवार, राजकुमार सगर, सहायक संचालक, उद्यानिकी, सुमन प्रसाद, उपसंचालक कृषि विभाग, एम.एस. पटेल, उप संचालक, पशु पालन विभाग, विद्युत विभाग, पीएचई विभाग के अधिकारी सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री, सचिव एवं सरपंच उपस्थित रहे।
इन विषय पर भी हुई चर्चा
बैठक में सीईओ ने नवीन अटल भवन (पंचायत भवन) की समीक्षा कर पंचायत भवनों के कार्यों को प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निर्मित किए जाने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में ग्राम पंचायतों में कचरा कलेक्शन प्रतिदिन सुनिश्चित करने एवं शासन दिशा निर्देशानुसार वॉश ऑन व्हील के क्रियान्वयन करने के लिए सीईओ जनपद पंचायत एवं एसबीएस के अमले को निर्देशित किया।







