
जबलपुर यशभारत। मुख्य रेलवे स्टेशन की प्लेटफार्म नंबर 6 को जाने के लिए डीआरएम कार्यालय से आने वाले रास्ते में रेलवे द्वारा सड़क किनारे जो लोहे की गाडर रखी हुई है उसमें से लोहे की सरिया बाहर की ओर निकली है जिसके कारण इस रोड से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए इन दिनों खतरा मंडरा रहा है। सड़क किनारे रखी गाडर से लोहा की सरिया बाहर निकली हुई है, जो किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है।
जिम्मेदार विभागों की लापरवाही से लोग रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं।स्टेशन रोड पर लोहे की सरिया इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। बिना किसी चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग के खुले में रखी सरिया सड़क की ओर झुकी हुई है। कई बार बाइक सवार और पैदल राहगीर इनसे टकराकर घायल हो चुके हैं। इस संबंध में
जानकारों ने बताया कि रेलवे द्वारा यहां पर रखी गई गाडर से लोहा की सरिया लंबे समय से इसी तरह निकली हुई है। लेकिन संबंधित रेलवे के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।शाम के समय सड़क पर रोशनी की कमी के कारण सरिया दिखाई नहीं देती और दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सरिया को हटाया जाए या उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।







