मध्य प्रदेश

आरएसएस प्रमुख डॉ.मोहन भागवत ने किए मां शारदा देवी के दर्शन

सतना में दो दिन का प्रवास, मेहर बाबा दरबार लोकार्पण कार्यक्रम में होंगे शामिल

मैहर,सतना,यशभारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शनिवार को मैहर और सतना के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। आज कड़ी सुरक्षा के बीच डॉ. भागवत ने सुबह मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन किया। इसके बाद वे सतना जिले की उचेहरा तहसील के पतौरा गांव जाएंगे, जहां प्रांत प्रचारक बृजकांत चतुर्वेदी के आवास पर अल्प विश्राम और दोपहर का भोजन करेंगे। भोजन के बाद, वे सीधे सतना आकर उतैली स्थित सरस्वती आवासीय विद्यापीठ में ठहरेंगे। यहां उनके रुकने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी दिन शाम को, संघ प्रमुख आवासीय विद्यापीठ में प्रांत स्तर के एक संघ वर्ग में शामिल होंगे, जिसमें पूर्णकालिक सदस्य उपस्थित रहेंगे।

अगले दिन, 5 अक्टूबर को डॉ. मोहन भागवत सिंधी कैंप स्थित मेहर शाह दरबार का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 10:&0 बजे बीटीआई मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे, संघ प्रमुख रीवा इतवारी ट्रेन से नागपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।डॉ. भागवत का सतना से पुराना जुड़ाव रहा है। लगभग 10 साल पहले वे उतैली स्थित सरस्वती आवासीय विद्यापीठ में संघ शिक्षा वर्ग में शामिल हुए थे। इसके अलावा, 8 साल पहले उन्होंने जिले के रामपुर बघेलान ब्लॉक के रामवन में आयोजित संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में भी शिरकत की थी। वे चित्रकूट में संघ के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने कई बार आए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button