धूमधाम से निकलेगा गोविंदगंज रामलीला का 161 वां चल समारोह
धार्मिक सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व की झांकियां का होगा समावेश

जबलपुर। श्री गोविंदगंज रामलीला समिति का ऐतिहासिक 0161 वां विजया दशमी चल समारोह आज गुरुवार को धूमधाम से निकाला जाएगा। चल समारोह में पारंपरिक राम रावण युद्ध के साथ ही कई धार्मिक राष्ट्रीय महत्व की झांकियां समाहित रहेगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष पंडित अनिल तिवारी ने बताया कि जुलूस शाम 4:00 बजे छोटा फवारा से शुरू होकर तीन पत्ती चौक पहुंच मुख्य चल समारोह का नेतृत्व करेगा। सबसे आगे रावण कुंभकरण मेघनाथ के विशालकाय पुतले होंगे, जिनका दहन जुलूस के उपरांत छोटे फवारा पर होगा। श्री तिवारी ने बताया चल समारोह में धार्मिक झांकियों के अलावा ऑपरेशन सिंदूर की झांकी भी शामिल रहेगी। इस बार आदि योगी भगवान शिव के समक्ष अघोरी चांडाल, सुरसा के मुख पर जाते हनुमानजी, भगवान सूर्य, लक्ष्मी नारायण, शिव पूजन, राम रावण युद्ध की झांकी शामिल रहेगी।
कुम्भ करण ने फोड़ी मटकी
इससे पूर्व बुधवार रात्रि रामलीला मंच में कुंभकरण मेघनाथ वध की लीला संपन्न हुई । पंडित तिवारी ने बताया कि लीला में कुंभकरण बने अमरनाथ रिछारिया की प्रस्तुति ने खूब ताली बटोरी। मटकी फोड़ते विशालकाय कुंभकरण के रूप में वे खूब जमे। कई वर्षों से कुंभकरण का अभिनय कर रहे श्री रिछारिया दर्शकों की पहली पसंद रहे। उनके साथ ही मेघनाद के रूप में पवन तिवारी ने भी दर्शकों की तालियां बटोरी। श्री राम के रूप में ओम दुबे लक्ष्मण के रूप में मानस पांडे हनुमान के रूप में पलाश पाठक रावण के रूप में पवन पांडे का अभिनय सराहनीय रहा।







