
भरूच,एजेंसी। गुजरात के भरूच में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की जा रही है। हालांकि, आग तेजी से फैलती जा रही है। आग की लपटें और काले धुएं से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना में किसी भी जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।
यह हादसा भरूच के GIDC पानोली स्थित संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में हुई। आग ने धीरे-धीरे एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से उठते धुएं को कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता है।इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से फैक्ट्री को काफी नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। आग बुझने के बाद ही नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकेगा। वहीं, आग लगने की वजह भी अभी सामने नहीं आई है।
इलाके में दहशत का माहौल
भीषण आग लगने की वजह से पास के संजाली गांव में दहशत का माहौल फैल गया। गांव के लोगों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सतर्क कर दिया गया है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।







