दमोह। पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेश पर जिले में चल रहे 15 दिवसीय यातायात जागरूकता एवं कार्यवाही अभियान के तहत शनिवार को शहर के गुरु नानक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में किया गया। सेमिनार में लगभग 300 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टॉफ ने भाग लिया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी रनि दलबीर सिंह मार्को व उनकी टीम ने उपस्थित सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और पंपलेट वितरित किए।
छात्रों को बताई गई प्रमुख योजनाएं
सेमिनार में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से –
1. राहगीर योजना – दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुँचाने वाले को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि।
2. कैशलेस योजना – दुर्घटना में घायल को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा (7 दिनों के अंदर)।
3. हिट एंड रन प्रतिकर योजना – दुर्घटना में घायल को 50,000 रुपये एवं मृतक के वारिसान को 2,00,000 रुपये की सहायता।
नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
वहीं अभियान के तहत विगत शाम यातायात पुलिस ने 1 ट्रक, 1 पिकअप एवं 1 ई-रिक्शा चालक को ड्रिंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़ा। इनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, जिन्हें आगामी कार्य दिवस में माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के पालन की जागरूकता बढ़ाना और सड़क हादसों को कम करना है।
Back to top button