घर में मिली युवती की खून से लथपथ लाश, हत्या की आशंका -मामले की जांच में जुटी पुलिस, पीएम रिपोर्ट में होगा खुलासा

घर में मिली युवती की खून से लथपथ लाश, हत्या की आशंका
-मामले की जांच में जुटी पुलिस, पीएम रिपोर्ट में होगा खुलासा
भोपाल, यशभारत।
टीटी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती की आज सुबह उसी के घर में खून से लथपथ हालत में लाश मिली है। युवती का गला रेंता (कटा) हुआ है। पुलिस मौत को संदिग्ध मानकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने हत्या की बात से इनकार नहीं किया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
डीसीपी जोन-1 शशांक ने बताया कि पंचशील नगर निवासी रोशनी पुत्री ऐजाज मियां(19) के आज सुबह घर में खून से लथपथ हालत में लाश मिलने के बाद परिजनों ने टीटी नगर थाना पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम करने के बाद पीएम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। मृतका का गला कटा हुआ है। उसकी मौत कैसे हुई, इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामला संदिग्ध है।
तीन माह बाद होना थी शादी-
जानकारी के मुताबिक मृतका रोशनी की शादी तीन माह बाद होना तय हुई थी। परिजन उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। रोशनी की गला कटी लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर मौत के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने हत्या की बात से इनकार नहीं किया है। खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि युवती की हत्या की गई है या फिर उसने स्वंय अपना गला रेंत कर आत्महत्या की है।







