पत्नी और ससुराल वालों की प्रताडऩा से दुखी होकर टेंट कारोबारी ने की थी खुदकुशी – पत्नी समेत ससुराल वालों पर एफआईआर दर्ज

पत्नी और ससुराल वालों की प्रताडऩा से दुखी होकर टेंट कारोबारी ने की थी खुदकुशी
– पत्नी समेत ससुराल वालों पर एफआईआर दर्ज
-मृतक के सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद हुआ प्रताडऩा का खुलासा
भोपाल, यशभारत।
अयोध्या नगर में रहने वाले एक टेंट कारोबारी ने पिछले दिनों अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इससे पहले उसने अपने मोबाइल से एक सुसाइड वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पत्नी व ससुराल वालों पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। मामले की जांच के दौरान सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक भवानी टाउन नरेला शंकरी निवासी हिमांशु यादव पुत्र राजकुमार(30) टेंट कारोबारी थे। उनके पिता राजकुमार ने बताया कि गत 20-21 जुलाई की रात हिमांशु और उसकी पत्नी वैशाली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अगली सुबह वैशाली ने ग्राम अवरिया उदयपुरा जिला रायसेन निवासी अपने पिता रामलाल को घर बुला लिया। उनके साथ उनका बेटा भी था, दोनों वैशाली को साथ ले गए। कुछ दिन बाद हिमांशु ने पत्नी को लौटने के लिए कहा तो वह आने के लिए राजी नहीं थी। कुछ समय बाद उसने हिमांशु से बात करना बंद कर दिया। उसका कॉल भी नहीं उठाती थी। हिमांशु ने सिविल इंजीनियरिंग की थी। लेकिन वे स्वयं का कारोबार करता था। बहू ने मेरे खुशहाल बेटे को जान देने पर मजबूर कर दिया।
वीडियो में लगाया प्रताडऩा का आरोप-
मृतक हिमांश ने खुदकुशी करने से पहले बनाए वीडियो में कहा है कि मैं टेंशन में हूं, इसकी वजह मेरी पत्नी वैशाली और उसके घर वाले हैं। मुझे कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार वैशाली और उसके घर वाले होंगे। हिमांश ने वीडियो में रिकार्ड किया है कि उसकी पत्नी को उसके घर वाले न जाने क्या सिखा-पढ़ा रहे हैं, मेरे व मेरे घर वालों पर झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। उसने कहा कि मुझे माफ कर देना मम्मी-पापा हमेशा के लिए जा रहा हूं।
आरोपियों पर केस दर्ज-
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि घटना के बाद मृतक हिमांशु के मोबाइल से एक सुसाइड वीडियो मिला था। मामले की जांच के बाद गुरुवार को सुसाइड वीडियो के आधार पर उसकी पत्नी वैशाली, ससुर रामलाल और सास भगवति यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।







