मध्य प्रदेशराज्य

हाथीनाला में डूबने से 3 छात्रों की मौत : दोस्तों ने घटना को छुपाया, निष्पक्ष जांच की मांग

Table of Contents

  नरसिंहपुर यशभारत। 1 अगस्त को नगर के तीन विद्यार्थियों की बिल्धा स्थित हाथीनाला में डूबने से मौत हो गयी थी। बीते दिवस परिजनों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया को एक आवेदन देते हुए निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगायी है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार चावरा विद्यापीठ में कक्षा 12 वीं का छात्र तनमय पिता तरूण शर्मा पटवारी निवासी संस्कार सिटी नरसिंहपुर, अश्विनी पिता भगवत जाट निवासी धुबघट एवं अक्षत पिता अखिलेश सोनी निवासी गोकुल नगर जो कि उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययनरत थे यह तीन छात्र आपस में दोस्त थे जिनकी डूबने से मौत हुई थी। प्रारंभिक स्तर पर इसे महज हादसा माना गया और सुआतला थाने में मर्ग दर्ज कर लिया गया। जबकि अब पीडि़त परिजनों का कहना है कि घटना के समय तीनों मृतक बच्चों के साथ चार और साथी भी मौजूद थे। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत किए हैं, जिसमें सातों बच्चे तीन दोपहिया वाहनों से जाते नजर आ रहे हैं। 

परिजनों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि हादसे के दौरान चारों साथी बच्चों ने न तो डायल 100 को सूचना दी और न ही आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा। उल्टे उन्होंने घटना को छुपाने की कोशिश की और घर लौटकर परिजनों से झूठ बोला। उल्लेखनीय है कि फुटेज में दिखने के बावजूद कुछ बच्चों ने खुद को घटना स्थल पर मौजूद न होने का दावा किया। आरोप ये भी है कि मृत बच्चों के मोबाइल, पैसे, बैग, चप्पल और घड़ी जैसे सामान का गायब होना भी मामले को और संदिग्ध बना रहा है। परिजनों का कहना है कि यदि चारों साथी समय पर मदद करते तो तीनों मासूमों की जान बच सकती थी। परिजनों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिये आवेदन में बताया कि घटना को घटित हुए 25 दिन बीत गये है इसके बावजूद भी जांच की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। इस मामले में एएसपी संदीप भूरिया का कहना है कि हाथीनाला में 3 बच्चों कि दु:खद मौत हो गई थी। मृतक बच्चों के परिजनों कि मांग कि मामले कि जांच कराई जाए, जिसके बाद हमने एसडीओपी तेंदूखेड़ा को जांच के लिए निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button