जबलपुरमध्य प्रदेश

गोहलपुर,रद्दी चौकी, घमापुर में लंबा जाम घंटा फंसे रहे लोग

वीआईपी मूवमेंट के आगमन के चलते हुआ डायवर्सन और फ्लाईओवर घूमने वालों की भीड़

जबलपुर यशभारत। शहर में सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। सुबह से ही रद्दी चौकी से लेकर गोहलपुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जाने वाले लोग समय पर नहीं पहुंच पाए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जाम का मुख्य कारण अव्यवस्थित यातायात और सड़क पर खड़े ऑटो व चारपहिया वाहन रहे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के जबलपुर आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई सड़कों पर डायवर्जन लागू किया, जिससे मुख्य मार्गों पर दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इसके अलावा, शहरवासियों का कहना है कि हाल ही में तैयार हुए नए फ्लाईओवर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच रहे हैं। फ्लाईओवर पर भीड़ और बिना प्लानिंग के वाहनों का जमावड़ा भी जाम का कारण बना।

जाम की स्थिति केवल गोहलपुर मार्ग तक सीमित नहीं रही। घमापुर क्षेत्र में भी घंटों तक यातायात बाधित रहा और लोगों को भारी मशक्कत के बाद आगे बढ़ना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर जाम लगता है, लेकिन सोमवार को नड्डा के कार्यक्रम और फ्लाईओवर घूमने वालों की भीड़ ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।

यातायात पुलिस को जाम खोलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी और दोपहर तक स्थिति सामान्य हो सकी। शहरवासियों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि हर दिन ऐसी परेशानियों से निजात मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button