दो युवकों ने फांसी लगाकर जान दी -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

दो युवकों ने फांसी लगाकर जान दी
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इधर, कमला नगर इलाके में भी एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक बागमुगालिया निवासी लक्की पुत्र राजू पटेल(25) बेरोजगार था और इन दिनों घर पर ही रह रहा था। गुरुवार रात वह खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था, सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह अपने कमरे के पंखे से बंधे चादर के फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए एम्स भेज दिया। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। इधर, कमला नगर पुलिस ने बताया कि कोटरा सुल्तानाबाद निवासी दुर्गेश उइके पुत्र बबलू(28) प्राइवेट काम करता था। कल रात उसने अपने घर में फांसी लगा ली। घटना का पता चलने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृत के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







