भोपाल

वीडियो कॉल कर महिला का अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप में किया वायरल -अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

वीडियो कॉल कर महिला का अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप में किया वायरल
-अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
मिसरोद इलाके में रहने वाली एक कामकाजी महिला का अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के मोबाइल पर वीडियो कॉल किया तो बेटे ने कॉल रिसीव कर कर बैक कैमरा चालू कर दिया था, उस वक्त महिला बाथरूम से नहाकर निकली थी और कपड़े बदल रही थी। तभी आरोपी ने अपने मोबाइल से उसके वीडियो बनाकर व फोटो खींच लिए थे। इसके बाद आरोपी ने महिला को ब्लैकमेल कर बात करने मिलने के लिए दबाव बनाया, जब महिला ने इनकार कर दिया तो आरोपी ने अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुपों पर वीडियो व फोटो वायरल कर दिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसआई स्वेता शर्मा ने बताया कि जाटखेड़ी में रहने वाली 27 वर्षीय महिला घरों में साफ-सफाई का काम करती है। अप्रैल माह में वह बाथरूम से नहाकर निकली और कपड़े बदलने लगी, तभी उसके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया तो घर में खेल रहे बेटे ने कॉल रिसीव कर मोबाइल का बैक कैमरा चालू कर दिया। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने कपड़े बदलते वक्त महिला का वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को वीडियो कॉल कर जबरन कपड़े उतरवा कर उसका अश्लील वीडियो बनाया और फोटो खींच लिए। महिला का अश्लील वीडियो व फोटो बनाने के बाद वह पीडि़ता को ब्लैकमेल कर बात करने व मिलने के लिए होटल बुलाने लगा तो महिला ने इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी अक्सर उसे वीडियो कॉल कर परेशान करता। जब महिला ने उसकी बात नहीं मानी तो आरोपी ने कुछ समय बाद एक अलग मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अलग-अलग व्हाट्सएप गु्रप बनाए, जिसमें महिला का पति, भाई-भाभी समेत अन्य रिश्तेदार व परिचितों को जोड़ा और ग्रुप में महिला के अश्लील वीडियो व फोटो वायरल कर दिए। आरोपी ने हाल ही में एक और व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उस पर भी पीडि़ता का अश्लील वीडियो व फोटो वायरल कर दिए। आरोपी की हरकतों व ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीडि़ता ने कल थाने पहुंच कर शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने दो अलग-अलग मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

स्कूली छात्रा के इंस्टाग्राम पर मैसेज कर ब्लैकमेल किया-
अवधपुरी इलाके में रहने वाली एक स्कूली छात्रा को अज्ञात व्यक्ति ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज भेजकर ब्लैकमेल किया और फिर उसका व्हाट्सएप नंबर लेकर वीडियो कॉल कर परेशान किया।

थाना प्रभारी रतन सिंह ने बताया कि इलाके में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी स्कूली छात्रा है। दो दिन पहले उसके इंस्टाग्राम पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे छात्रा ने एक्सेप्ट कर लिया। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को ब्लैकमेल करते हुए मैसेज कर बताया कि उसके पास छात्रा के कुछ आपत्तिजनक फोटो हैं, इसके बाद छात्रा का व्हाट्सएप नंबर मांगा और वीडियो कॉल कर परेशान करने लगा। करीब दो दिन तक आरोपी ने छात्रा को परेशान किया। तंग आकर उसने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद छात्रा के पिता ने थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button