24 को राहुल गांधी की क्लास में शामिल होंगे कांग्रेस जिलाध्यक्ष, जिम्मेदारी मिलने के बाद दिल्ली बुलावा, दो दिन की ट्रेनिंग

कटनी, यशभारत। नवनियुक्त कांग्रेस जिला अध्यक्षों को केंद्रीय नेतृत्व ने 24 अगस्त को दिल्ली बुलाया है। उन्हें एक दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी साथ ही राहुल गांधी अध्यक्षों से रू-ब-रू होंगे। यह भी खबर है कि जिला अध्यक्षों की लिस्ट जारी होने के बाद गांधी ने उन वर्तमान विधायकों को फोन पर बधाई दी है जो जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं। इस डेमेज कंट्रोल के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश में 71 संगठन जिलों में 6 वर्तमान और 11 पूर्व विधायकों को जिले की जिम्मेदारी दी गई है। लिस्ट जारी होने के बाद कुछ जिलों में असंतोष के स्वर उभरे। भोपाल में कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष पर गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। वर्तमान विधायकों को लेकर भी दिल्ली तक खबर पहुंची थी कि वे अध्यक्ष बनने से संतुष्ट नहीं है। इस नाराजगी को दूर करने के लिए राहुल गांधी ने कुछ विधायकों को निजी तौर पर फोन करते हुए पहले बधाई दी और इसके बाद कहा कि वे अच्छा काम करें। फोन आने की पुष्टि विधायक ओमकार सिंह मरकाम और सिद्वार्थ कुशवाहा ने की है। कटनी में पूर्व विधायक सौरभ सिंह को ग्रामीण अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अमित शुक्ला को शहर की कमान दी गई है। दोनों के लिए संगठन चलाना किसी चुनौती से कम नहीं। शहर में डेढ़ साल से अध्यक्ष का पद रिक्त था। संगठन चरमराया हुआ है, इसे नए सिरे से खड़ा करना होगा। दो साल बाद नगरीय निकाय चुनाव होंगे। इसके लिए वार्ड स्तर पर कांग्रेस को सक्रिय करते हुए समर्पित कार्यकर्ता तैयार करने होंगे, जो भाजपा के बूथ मैनेजमेंट सिस्टम का मुकाबला कर सके। उधर सौरभ सिंह को लगभग साढ़े 3 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। उन्हें बड़ी चुनौती विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को मैदानी स्तर पर मजबूत करने की रहेगी। इसके अलावा बड़वारा और बहोरीबंद में भी अगले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना है।
22 को होंगे दिल्ली रवाना : अमित
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि दिल्ली में नए जिलाध्यक्षों के लिए खास ट्रेनिंग प्रोग्राम रखा गया है, जिसमें संगठन के संचालन से जुड़ी भविष्य की योजनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने बताया वे 22 को यहां से रवाना होकर 23 को दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी 23 की शाम और 24 अगस्त को राहुल गांधी से मुलाकात होगी।








