डेरी की आड़ में हो रही थी गोकशी, लोडिंग आटो में मिले गौवंश के अवशेष -बजरंग दल ने चक्काजाम कर किया प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

डेरी की आड़ में हो रही थी गोकशी, लोडिंग आटो में मिले गौवंश के अवशेष
-बजरंग दल ने चक्काजाम कर किया प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
भोपाल, यशभारत।
राजधानी में आज सुबह एक दूध डेरी की आड़ में गोकशी का मामला सामने आया है। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बजरंग दल और हिन्दू संगठन के लोग सडक़ पर जमा हो गए। ऐशबाग थाना क्षेत्र में स्थित एक दूध डेरी में गौवंश काटे जा रहे थे। इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रायसेन रोड से एक लोडिंग आटो पकड़ा, जिसमें गौवंश के कटे हुए अवशेष मिले हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व पार्षद का बेटा गौवंश वध के मामले में मुख्य संदिग्ध है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख राजकुमार चौरसिया ने बताया कि काफी लंबे समय से कम्मू का बाग पुष्पा नगर 80 फिट रोड पर संचालित एक डेरी में गोकशी की सूचना मिल रही थी। इस सूचना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता उक्त डेरी पर नजर रखे हुए थे। आज सुबह पता चला कि पुष्पा नगर 80 फिट रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक दूध डेरी से एक लाल रंग के आटो में गौवंश काट कर ले जाया जा रहा है। इसके बाद बजरंग दल के विभाग संयोजक अभिजीत सिंह राजपूत ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सुबह करीब साढ़े सात बजे उक्त लोडिंग आटो को एलएनसिटी कॉलेज रायसेन रोड से पकड़ा। आटो में करीब तीन-चार गौवंश के अवशेष मिले हैं। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई। चौरसिया ने बताया कि जिस डेरी में गौवंश काटे जा रहे थे, वह कांग्रेस की पूर्व पार्षद अकबर का बेटा अहमद संचालित कर रहा था, इस मामले में अमन कसाई का नाम भी सामने आया है। डेरी संचालक अहमद ही अपने साथियों के साथ मिलकर गौवंश की हत्या कर रहा था। घटना के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बजरंग दल ने पुष्पा नगर चौराहा 80 फिट रोड पर प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
डेरी वाले मकान को ध्वस्त करने का अल्टीमेंटम:
बजरंग दल ने जिस डेरी में गोकशी हो रही थी, उस मकान को ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन को अल्टीमेंटम दिया है। बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख राजकुमार चौरसिया ने बताया कि अगर प्रशासन उक्त मकान पर कार्रवाई नहीं करती है तो बजरंग दल बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों से मांग की गई है।
मामले की जांच की जा रही है:
ऐशबाग थाना प्रभारी बीवीएस सेंगर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक बजरंग दल कार्यकर्ता सडक़ पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
गोकशी मामले में रासुका की कार्रवाई होगी: रामेश्वर
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान बजरंग दल की कार्रवाई सराहनीय है पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपराधियों पर कार्रवाई की है। गौ मांस से दावत नहीं हो सकती, दावत करने वालों की सुताई होगी। ये सुधर नहीं रहे हैं तो उनको सुधारने के और भी तरीके हैं। मध्य प्रदेश सरकार तस्करी गौ हत्या जैसे मामलों में नियम के तरह कार्रवाई कर रही है, ऐसे अपराधियों पर रासुका की कार्रवाई होगी। शर्मा ने कहा की मोहन यादव जो स्वयं गौ भक्त है श्री कृष्ण भक्त है, उनके शासन में गौ तस्करों पर कठोर कार्यवाही होगी।







