जहरीले सांप के काटने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत, स्लीमनाबाद के धरवारा गांव की घटना

कटनी, यशभारत। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत धरवारा गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक सर्पदंश की घटना में सगे भाई-बहन की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों घर पर सो रहे थे, तभी सांप ने उन्हें डस लिया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, धरवारा गांव के निवासी शिव कुमार कोल के बेटे विजय कोल (18 वर्ष) और बेटी उर्मिला कोल (20 वर्ष) अपने घर के एक कमरे में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे एक जहरीले सांप ने पहले विजय के पैर में काटा और फिर बिस्तर पर ही सो रही उर्मिला को भी डस लिया।
झाड़ फूंक में किया समय बर्बाद
सांप के काटने के बाद परिजनों ने घबराहट में तुरंत दोनों को अस्पताल ले जाने के बजाय, पास के कुआं गांव में एक तांत्रिक के पास झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। तांत्रिक के पास काफी समय बर्बाद करने के बाद जब उनकी हालत बिगड़ने लगी, तब तांत्रिक ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन निजी वाहन से दोनों भाई-बहन को स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान आज दोपहर करीब 1 बजे उर्मिला ने दम तोड़ दिया। उसके ठीक दो घंटे बाद, विजय की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डसने वाले सर्प को कैद कर लिया है वही इस मामले पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।








