गढाकोटा में लापता किसान का खून से लथपथ शव मिला: हत्या का मामला दर्ज

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के अकला गांव से मंगलवार की रात को लापता हुए किसान का क्षत-विक्षत शव मिला है। बुधवार की सुबह लापता किसान का शव सड़क किनारे पुलिया के पास खून से लथपथ हालत में मिला है। किसान के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए गए थे।घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गढाकोटा क्षेत्र के अकला गांव में रहने वाला 45 वर्षीय किसान हल्ले लोधी मंगलवार शाम को खेतों में फसल पर दवाई डालने गया था। रात को घर लौटने के कुछ देर बाद वह बिना बताए कहीं चला गया था। देर रात तक घर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार की सुबह गांव के पास अकला-खैरा मार्ग पर पुलिया के पास ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान हल्ले लोधी के रूप में की गई। शव के पास ही उसकी बाइक भी खड़ी थी। प्राथमिक जांच के दौरान सामने आया कि कुल्हाड़ी से वार कर किसान की हत्या कर दी गई है। पुलिस की एफएसएल टीम द्वारा मौके पर साक्ष्य इकट्ठे करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक हल्ले लोधी के भाई अमर सिंह लोधी का कहना है कि हल्ले लोधी का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि किसने और क्यों मर्डर किया है। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि मृतक किसान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है व आरोपियों की तलाश की जा रही है।







