कमल हासन ने राज्यसभा सांसद के तौर पर ली शपथ, DMK गठबंधन संग नई सियासी पारी शुरू

नई दिल्ली: मशहूर अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम (MNM) के नेता कमल हासन ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर अपने सियासी सफर की नई शुरुआत की। उन्होंने संसद भवन में तमिल भाषा में शपथ ली, जो 2018 में अपनी पार्टी शुरू करने के बाद संसद में उनकी पहली आधिकारिक भूमिका है।
तमिलनाडु के सियासी समीकरणों में अहम कदम
कमल हासन की राज्यसभा में एंट्री को तमिलनाडु के सियासी समीकरणों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। उनकी पार्टी MNM ने 2024 के लोकसभा चुनाव में DMK की अगुवाई वाले सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस का साथ दिया था, जिसने तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर शानदार जीत हासिल की थी। मार्च 2024 में MNM के इस गठबंधन में शामिल होने के बाद कमल हासन को राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। इस कदम को 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले गठबंधन को और मजबूत करने की दिशा में देखा जा रहा है।
MNM ने पहले ही बयान जारी कर कहा था, “हमें खुशी है कि कमल हासन 25 जुलाई को संसद में शपथ लेंगे और अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।” इस अवसर पर DMK के भी तीन सांसदों – रजति, एस.आर. शिवलिंगम और पी. विल्सन – ने भी शपथ ली। इन तीनों नेताओं ने भी शपथ ग्रहण के लिए तमिल भाषा को चुना।
“मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं”: कमल हासन
शपथ लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए कमल हासन ने कहा, “मैं बहुत गर्वित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं।” बता दें कि गुरुवार को तमिलनाडु के 6 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनकी सेवानिवृत्ति हुई थी। नए सांसदों की शपथ के साथ ही तमिलनाडु से राज्यसभा में नए नेतृत्व की शुरुआत हुई है।
गौरतलब है कि MNM ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 4 फीसदी वोट हासिल किए थे और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन किया था, हालांकि कमल हासन को कोयंबटूर साउथ सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में MNM ने खुद चुनाव लड़ने की बजाय DMK के साथ गठबंधन का रास्ता चुना था।







