कबाडिय़ों ने युवक को बंधक बना कर दिनभर डंडे, पाइप और बेल्ट से पीटा -पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस

कबाडिय़ों ने युवक को बंधक बना कर दिनभर डंडे, पाइप और बेल्ट से पीटा-फोटो
-पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
भोपाल यशभारत।
हनुमानगंज इलाके में कबाडिय़ों ने चोरी के शक में एक युवक को बंधक बना कर डंडे, पाइप और बेल्ट से दिनभर पीटा। वह किसी तरह से आरोपी कबाडिय़ों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंचा। मारपीट में युवक के पूरे शरीर पर गहरे नीले-काले और खून जमने के निशान बन गए हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना पुलिस के मुताबिक जेपी नगर गौतम नगर निवासी शोराब खान पुत्र मोहम्मद सलीम(35) किराना दुकान चलाता है। कल देर रात करीब दो बजे वह थाने पहुंचा और उसने पुलिस को बताया कि उसे न्यू कबाडख़ाना में भैया कबाड़ी ने बंधक बना लिया था और अपने एक साथी के साथ मिलकर पाइप, डंडे और बेल्ट से उसके साथ दिनभर मारपीट की थी। रात में वह किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंचा है। उसके शरीर पर मारपीट से गंभीर चोट के निशान थे। उसके शरीर पर चोट के निशान देखते हुए पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत काफी गंभीर है, क्योंकि उसके पूरे शरीर पर अंदरूनी चोट है। इसलिए उसके एक्स-रे और अन्य जांचे कराई जा रही है। पुलिस ने घायल युवक के बयानों के आधार पर भैया कबाड़ी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
चोरी के शक में पीटा-
थाना पुलिस ने बताया कि शोराब के साथ मारपीट करने वाले भैया कबाड़ी को शक था कि शोराब ने उसकी दुकान से सामान चोरी कर उसे ही बेच दिया है। इसी कारण आरोपी ने युवक को पकड़ा और उसके साथ दिनभर जमकर मारपीट की थी। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।







