वजन कम कराने के नाम पर छात्राओं को तस्कर करते थे ड्रग्स सप्लाई

वजन कम कराने के नाम पर छात्राओं को तस्कर करते थे ड्रग्स सप्लाई
– क्राइम ब्रांच पुलिस टीम ने दो तस्कारों को किया गिरफ्तार, एमडी ड्रग्स बरामद
भोपाल यशभारत। वजन कम कराने के नाम पर छात्राओं को ड्रग्स सप्लाई करने का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम ने दो तस्कारों को 22 ग्राम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल की चैट से ड्रग्स सप्लाई करने का खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मली थी कि दो लोग ड्रग्स लेकर आ रहे हैं। क्राइम ब्रांच टीम ने तस्करों की घेराबंदी की तो तस्कर गाडिय़ों को टक्कर मारकर फरार होने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान टीम ने उन्हें पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
कुछ दिन पहले ही क्राइम ब्रांच पुलिस ने सेफउद्दीन और आशू उर्फ शाहरूख को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। उनके पास मिली व्हाट्सएप चैट से पता चला था कि वह कॉलेज में पढऩे वाली छात्राओं को ड्रग्स की सप्लाई करते थे। जांच टीम को ड्रग्स तस्करी करने वाले दो लोगों के नाम भी पता चले थे।
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच टीम को ड्रग्स तस्कर यासीन और शाहवार की लोकेशन मिली। टीम ने घेराबंदी की तो यासीन ने पुलिस की गाडिय़ों को टक्कर मारते हुए फरार होने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। क्राइम ब्रांच टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पिस्टल और 22 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
मुंबई से भोपाल लाते थे एमडी ड्रग्स
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में बताया है कि गाड़ी में छुपाकर मुंबई से एमडी ड्रग्स लेकर भोपाल आते थे। पुलिस का अनुमान है कि पूछताछ में पूरे मामले में पूरे रैकेट का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







