ट्रेन से टकराया बाघ का शावक, मुकुंदपुर जू सेंटर में इलाज जारी : चितहरा-सतना रेलखंड पर फिर हादसा, वन विभाग अलर्ट

सतना।जिले के मझगवां रेंज अंतर्गत हजारा नाला के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाघ का एक शावक ट्रेन से टकरा गया। घटना सतना-चितहरा रेल खंड के बीच हुई, जहां बाघ का लगभग 5 वर्षीय शावक पटरियों पर आ गया और किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल शावक को इलाज के लिए मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी जू सेंटर में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में शावक के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सक लगातार निगरानी में रखकर उसका इलाज कर रहे हैं।
वन विभाग अधिकारी ने बताया कि यह पता नहीं चल सका है कि किस ट्रेन से शावक की टक्कर हुई। हादसे के समय क्षेत्र में कोहरा और घना जंगल होने के कारण लोको पायलट को भी अंदाजा नहीं हो पाया होगा।
*2016 में भी हुआ था ऐसा ही हादसा*
इससे पहले दिसंबर 2016 में भी इसी रेलखंड पर एक बाघ की ट्रेन से टकरा कर मौत हो गई थी। ऐसे हादसे इस क्षेत्र की वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस बार फिर से रेलवे और वन विभाग से मांग की है कि संवेदनशील रेलमार्गों पर वन्यजीव चेतावनी संकेतक और निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







