मध्य प्रदेशराज्य
बिजली का झटका लगने से बुजुर्ग की मौत : टेबल फैन का तार जोड़ते समय हुआ हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सतना। सिविल लाइन थाना अंतर्गत महदेई नकटी मोहल्ले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय बुजुर्ग रामलाल विश्वकर्मा की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि रामलाल घर पर खराब टेबल फैन ठीक कर रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 12:15 बजे रामलाल बिजली बोर्ड में टेबल फैन का तार जोड़ रहे थे। इस दौरान उनका बायां हाथ बोर्ड में मौजूद एक खुली तार से छू गया, जिससे वे करंट की चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर उनकी पत्नी संत्रा बाई विश्वकर्मा दौड़ीं और पति को बेसुध देखकर घबरा गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रामलाल को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में यह हादसा बिजली के झटके से हुआ पाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार में शोक की लहर है, मोहल्ले में भी इस हादसे से गमगीन माहौल बना हुआ है।







