भतीजे ने शराब पिलाने को कहा तो चाचा ने कर दी भतीजे की हत्या -अंधे कत्ल का 24 घंटे बाद खुलासा, आरोपी चाचा सलाखों के पीछे पहुंचा

भतीजे ने शराब पिलाने को कहा तो चाचा ने कर दी भतीजे की हत्या
-अंधे कत्ल का 24 घंटे बाद खुलासा, आरोपी चाचा सलाखों के पीछे पहुंचा
भोपाल यशभारत। गुनगा थाना क्षेत्र में एक युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने 24 घंटे बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस कत्ल के आरोपी ने मृतक युवक के सगे चाचा को गिरफ्तार किया है। जिसने शराब पीने के दौरान अपने भतीजे को महज इस बात से नाराज होकर मौत के घाट उतार दिया था, क्योंकि वह उससे शराब पिलाने के लिए झगड़ा कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कमरे से खून में सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
एसपी देहात प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े दस बजे भैसखेड़ा निवासी अर्जुन सिंह पुत्र ज्ञान सिंह ठाकुर(30) की किसी अज्ञात व्यक्ति ने भारी पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक का रक्त रंजित शव महाराज स्थान भैसखेड़ा से बरामद किया था। घटना स्थल के पास से पुलिस को खून से सना एक पत्थर मिला था। जिससे हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। मृतक मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। इसी कारण उसकी पत्नी उसे छोड़ कर पिछले कुछ सालों से अलग रहने लगी थी।
शराबियों की पड़ताल में सुलझी हत्या की गुत्थी-
हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक अर्जुन सिंह सुबह होते ही शराब पीने के लिए घर से निकल पड़ता था। वह वारदात के पहले एक दुकान से खाने-पीने का सामन लेते दिखाई दिया था। उसे कुछ लोगों के साथ देखा गया था, जो उसके साथ आए दिन शराब पीया करते थे। इसी इलाके के आदतन शराबियों से पूछताछ की तो पता चला कि घटना के वक्त मृतक अर्जुन सिंह अपने चाचा कालूराम उर्फ कल्लू पुत्र राम चरण ठाकुर(60) के साथ दिखा था। इसके बाद पुलिस ने सोमवार रात तक आरोपी कालूराम को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके कमरे से मृतक अर्जुन सिंह के खून से सने कपड़े भी बरामद किए। आरोपी ने हत्या के बाद घर जाकर नहाया और कपड़े बदल लिए।
शराब पिलाने को लेकर झगड़ा किया तो कर दी हत्या-
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया कि आरोपी कालूराम का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। वह पूर्व में भी दो मामलों में लोगों के साथ पत्थर से मारपीट कर चुका है। वारदात के वक्त वह अपने भतीजे अर्जुन के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान अर्जुन से उससे कहा कि चाचा तुम दूसरे लोगों को आए दिन शराब पिलाते रहते हो, लेकिन मुझे शराब नहीं मिलाते। अब तुम मुझे भी शराब पिलाया करो। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया और आरोपी कालूराम ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।







