मध्य प्रदेशराज्य
आकाशीय बिजली गिरने से 14 बकरियों की मौत : पीड़ित को मुआवजा देने की मांग

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के नरयावली विधान सभा अंतर्गत खैराई में आकाशीय बिजली गिरने से 14 बकरियों की मौत हो गई है। बकरियों की कीमत 1 लाख 30 हजार के करीब आंकी गई है। बिजली गिरने से कोई अन्य जनहानि की सूचना नहीं है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस महासचिव तथा टीकमगढ़ जिले की संगठन प्रभारी रेखा चौधरी ने पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग सरकार व प्रशासन से की है।
मानसून की आहट के साथ आज शनिवार को दोपहर में चली तेज हवा व हल्की बारिश के बीच दोपहर लगभग दो बजे ग्राम खैराई में खेत पर बकरी चरा रहे दामोदर अहिरवार की बकरियों पर आकाशीय बिजली गिर गई जिससे 14 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बकरियों की कीमत करीब 01 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। उल्लेखनीय है कि कि दामोदर के परिवार की आजीविका चलाने का मुख्य स्त्रोत यही बकरियां थी जिनकी मौत से उनके समक्ष रोजी – रोटी का संकट पैदा हो गया है। इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के गरीब परिवार पर आई इस विपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार व प्रशासन मुआवजा प्रदान करे ताकि परिवार की रोजी रोटी सुचारू रूप से चल सके।







