सिवनी यश भारतlसिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमोदा ग्राम के समीप सुबह लगभग 8 बजे 2 युवकों का शव ट्रेन की पटरियों पर मिले है। जानकारी के अनुसार अमोदा ग्राम के समीप ट्रेन की पटरियों के पास से कुछ लोग जा रहे थे जहां उन्हें 2 युवकों के शव दिखाई दिए। इस बात की सूचना लोगो ने घंसौर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। मृतकों की पहचान मंगल मरकाम पिता विष्णु मरकाम उम्र उम्र 29 निवासी गुवारिया पुलिस चौकी छींदा, ममलेश मसराम पिता किष्नु मसराम उम्र 24 वर्ष निवासी भालपानी थाना धनोरा के नाम से हुई है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों युवक ट्रेन की पटरियों में बैठे थे और पीछे से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे इनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ।
किसानी करते थे मृतक:-
जानकारी मिली है कि दोनों युवक खेती किसानी का काम करते थे जिनमें से ममलेश की शादी नही हुई है। और मंगल के 2 बच्चे हैं जिनमे एक बेटा और एक बेटी है। दोनों की मौत कैसे हुई इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नही हुआ है।
घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झरिया का कहना है की सूचना मिली थी कि ट्रेन की पटरियों के पास 2 युवकों का शव मिला है। मौके पर जाकर जांच की मौके से कुछ डिस्पोजल शराब की बोतल और पानी की बोतल मिली है। साथ ही एक बाइक भी मिली है। जिस स्थान में यह घटना घटी वहां अंधा मोड़ है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।