
नई दिल्ली: पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी के एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष बनने और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की खबरों के बाद, मीडिया में ऐसी अटकलें थीं कि बीसीसीआई आगामी एशिया कप से हट सकता है।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह से निराधार है।
सैकिया ने कहा, “सुबह से ही एक रिपोर्ट आ रही है कि बीसीसीआई ने आगामी एशिया कप और महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप से अपने नाम वापस लेने का फैसला किया है। यह दोनों ही आईसीसी के इवेंट हैं, लेकिन इन सभी रिपोर्टों में कोई सच्चाई नहीं है। बीसीसीआई ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, किसी मुद्दे पर चर्चा करना तो दूर की बात है।”
उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल बीसीसीआई का मुख्य ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और आगामी इंग्लैंड सीरीज पर है। सैकिया ने स्पष्ट किया कि संबंधित रिपोर्ट में कोई सच्चाई नहीं है और यदि इस संबंध में कोई निर्णय लिया जाता है तो बोर्ड द्वारा इसकी सूचना दी जाएगी।
इससे पहले, इंडियन एक्सप्रेस ने खबर दी थी कि बीसीसीआई एसीसी द्वारा संचालित सभी टूर्नामेंटों से हटने की तैयारी में है और उसने अगले महीने श्रीलंका में होने वाले महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप में भाग न लेने के अपने निर्णय के बारे में एसीसी को मौखिक रूप से सूचित कर दिया है। पुरुष एशिया कप में भी इसी तरह का कदम उठाने की संभावना जताई गई थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि यह बीसीसीआई द्वारा पाकिस्तान क्रिकेट को मुख्यधारा से अलग करने का शुरुआती कदम है, जिसे अब बोर्ड ने सिरे से खारिज कर दिया है।







